अंतर्राष्ट्रीय

अपराधियों में पुलिस का डर, जनता में विश्वास होना जरूरी: यदुवंशी

थाना पुरोला में आयोजित किया गया जनसंवाद/थाना दिवस कार्यक्रम

देहरादून। उत्तरकाशी में जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान एसपी अर्पण यदुवंशी ने कहा कि अपराधियों में पुलिस का भय और आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास होना जरूरी है। उत्तरकाशी पुलिस पब्लिक फ्रेंडली पुलिसिंग के लिए लगातार काम कर रही है।

आज उत्तरकाशी एचपी अर्पण यदुवंशी ने पुरोला थाने में थाना दिवस/ जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने पिछले महीने पुरोला प्रकरण पर भी आम लोगों से फीडबैक लिया। इसके साथ ही उन्होंने इस मामले में कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सोला की जनता के सहयोग के लिए धन्यवाद भी दिया।

उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि आपराधिक प्रवृत्ति, वैमनस्यता का भाव रखने वाले लोगों पर पुलिस लगातार कड़ी निगरानी कर रही है। इस तरह के असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने जनता को विश्वास दिलाया कि अन्य प्रदेशों से आ रहे लोगों के शत-प्रतिशत सत्यापन किए जा रहे हैं। बिना सत्यापन के किसी भी बाहरी व्यक्ति को जनपद में फड़, फेरी,रेडी, ठेली लगाने या कोई अन्य व्यवसाय करने की इजाजत नहीं होगी।

जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान एसपी यदुवंशी ने जनता से सुझाव भी लिये। इस दौरान नशे के बढ़ते दुष्प्रभाव, सुदृढ़ यातायात व्यवस्था, साइबर क्राइम और महिला अपराधों को रोकने के लिए भी जनता से चर्चा की गई। स्थानीय लोगों ने नशे के खिलाफ उत्तरकाशी पुलिस के अभियान को सराहा और युवाओं में बढ़ते हुए नशे के दुष्प्रभाव को रोकने, अवैध नशे के कारोबारियों पर सख्त कानूनी कार्यवाही करने के लिए अभियान को निरंतर चलाए रखने की अपील भी की।

लोगों ने पुरोला क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की समस्याओं पर चिंता जताते हुए अन्य अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की गई। इस दौरान लोगों ने कहा कि कस्बा पुरोला में नवयुवकों और नाबालिगों द्वारा दुपहिया वाहन तेजी से चलाए जाते हैं। जिससे अक्सर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। साथ ही आम लोगों का सड़क पर पैदल चलना भी दुश्वार हो जाता है। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है।

एसपी ने थाने लोगों को पुलिस से संबंधित समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए पुलिस के माध्यम से संबंधित विभाग को प्रचार करने के लिए निर्देशित किया गया। साइबर संबंधी अपराध होने पर तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930, महिला संबंधी अपराधों के लिए उत्तराखंड पुलिस के गौरा शक्ति रजिस्ट्रेशन करने और आपातकालीन नंबर 112 के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान सीओ बड़कोट सुरेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि जनता के सुझावों और शिकायतों पर फोकस कर सफल पुलिसिंग देने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर थानाध्यक्ष पुरोला अशोक कुमार भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share