उत्तराखण्ड

13 से 16 जून तक कैंची धाम में निजी वाहनों का प्रवेश बंद, शटल सेवा से जायेंगे श्रद्धालु

नैनीताल। बाबा नीब करौरी के जन्मोत्सव और कैंची धाम स्थापना दिवस के लिए नैनीताल पुलिस ने कमर कस ली है। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस एवं बाबा नीम करौली महाराज जन्मोत्सव के अवसर पर 15 जून को भव्य मेले का आयोजन किया जाना है जिसके सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए पुलिस एवं प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। 13 जून से 16 जून तक विशेष यातायात योजना लागू रहेगी।

इस संबंध में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने बताया कि प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह धार्मिक आयोजन देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। विगत वर्षों में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है, जिसके दृष्टिगत इस वर्ष विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

मेले की तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त समीक्षा बैठकें आयोजित की गई हैं तथा स्थलीय निरीक्षण भी किया गया है। इसके अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र एवं आयुक्त कुमाऊं मंडल द्वारा भी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया है।

विशेष यातायात योजना लागू

श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए 13 जून से 16 जून तक विशेष यातायात योजना लागू रहेगी। इस अवधि में किसी भी श्रद्धालु को निजी वाहन से सीधे कैंची धाम मंदिर तक जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े कर शटल सेवाओं का उपयोग करना होगा।

प्रमुख पार्किंग एवं शटल व्यवस्था

हल्द्वानी, काठगोदाम एवं अन्य क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं हेतु भीमताल स्थित निर्धारित पार्किंग स्थल, विशेषकर विकास भवन पार्किंग निर्धारित की गई है।

इन पार्किंग स्थलों से कैंची धाम तक विशेष शटल सेवाओं का संचालन किया जाएगा।

हल्द्वानी बस स्टेशन, हल्द्वानी रेलवे स्टेशन एवं काठगोदाम रेलवे स्टेशन से विशेष बस एवं मिनी बस सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

रामनगर एवं नैनीताल क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं हेतु मेट्रोपोल पार्किंग एवं डीएसए ग्राउंड पार्किंग निर्धारित की गई हैं।

तल्लीताल बस स्टेशन क्षेत्र से भी शटल सेवाओं का संचालन किया जाएगा।

मालवाहक वाहनों पर प्रतिबंध

* 13 जून से 16 जून 2026 तक आवश्यक वस्तुओं को ले जाने वाले वाहनों को छोड़कर अन्य सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा।

* इन वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, जिनके माध्यम से वाहन टनकपुर होकर बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ तथा रामनगर होकर अल्मोड़ा की ओर संचालित किए जाएंगे।

मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस, पैरामिलिट्री बल एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों की व्यापक तैनाती की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था में एसएसबी, पीएसी, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, बम निरोधक दस्ता (BDS), आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) के साथ ही पुलिस मुख्यालय से अतिरिकत पुलिस बल उपलब्ध कराया गया है। मेले के दौरान लगभग 1500 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी विभिन्न ड्यूटी प्वाइंट्स पर तैनात रहेंगे।

श्रद्धालुओं से अपील

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सभी श्रद्धालुओं एवं आमजन से अपील की है कि जारी यातायात योजना का पूर्णतः पालन करें तथा यात्रा से पूर्व सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से जारी ट्रैफिक प्लान का अध्ययन अवश्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी दिशा से आने वाले श्रद्धालुओं को अंतिम चरण में शटल सेवा का ही उपयोग करना होगा। पहाड़ी मार्गों की सीमित क्षमता एवं अत्यधिक यातायात दबाव को देखते हुए यह व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत लागू की गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share