उत्तराखण्ड खेल

माउन्टेन टैरेन बाइकिंग अभियान दल पहुंचा रुद्रप्रयाग

रुद्रप्रयाग। भारत सरकार की “वाइब्रेंट विलेज स्कीम” के तहत सीमांत गांवों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए एवं लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से जागरुक करने के उद्देश्य से नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) उत्तरकाशी का एक दल वर्तमान समय में माउन्टेन टैरेन बाइकिंग अभियान पर है।
26 जून से प्रारम्भ हुये इस अभियान का दल आज प्रातःकाल रुद्रप्रयाग पहुंचा। पुलिस कार्यालय रूद्रप्रयाग में एसपी रुद्रप्रयाग डॉ विशाखा अशोक भदाणे ने इस दल का स्वागत किया गया।

इस दल का नेतृत्व कर रहे मेजर देवल वाजपेयी, (उप प्रधानाचार्य निम) द्वारा जानकारी दी गयी कि वाइब्रेंट विलेज स्कीम के तहत उनका अभियान प्रारम्भ हुआ है, सीमावर्ती गांवों में रहने वाले लोगों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार, स्थानीय स्तर पर रोजगार और पर्यटन को बढ़ाने और स्वस्थ भारत अभियान के तहत युवा वर्गों में साहसिक क्रियाकलापों के साथ ही स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता बढ़ाने और युवाओं के बीच साहसिक क्रियाकलापों के उचित लोकाचार को बढ़ावा देना है।

साथ ही लोगों को नशें के दुष्प्रभावों के प्रति जागरुक किया जा रहा है। यह अभियान दल 26 जून 2023 को जदांग घाटी से प्रारम्भ होकर हर्षिल, उत्तरकाशी, लम्बगांव, श्रीनगर और आज यहाॅ रुद्रप्रयाग पहुंचा है।

यह अभियान दल उत्तराखण्ड राज्य के 11 जिलों से गुजरेगा। जिसमें टीम द्वारा लगभग 1062 किलोमीटर की साइक्लिंग की जायेगी। इस अभियान के दौरान 01 जुलाई को गढ़वाल विश्वद्यालय श्रीनगर के छात्रों व विश्वविद्यालय प्रबन्धन के साथ चर्चा की गयी व आगामी 5 जुलाई को कुमायूं विश्वविद्यालय के छात्र व प्रबन्धन के साथ भी चर्चा की जायेगी। यह अभियान 17 जुलाई तक चलेगा।

 

एस पी  डॉ विशाखा अशोक भदाणे ने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह बहुत अच्छी पहल है, यह नशा के प्रति लोगों को जागरुक करने में सहायक सिद्ध होगा, साथ ही हमारे सीमावर्ती गांवों के लोगों के लिए भी समाज की मुख्य धारा से प्रभावी रूप से जोड़ने में सहायक सिद्ध होगा। उनके द्वारा इस अभियान के सम्पूर्ण दल को शुभकामनायें दी गयीं।

जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस परिवार की ओर से इस अभियान दल को पुलिस कार्यालय से फ्लैग ऑफ करते हुए इनके अगले पड़ाव आदि बद्री (चमोली) के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग प्रबोध कुमार घिल्डियाल, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रप्रयाग जयपाल सिंह नेगी, वाचक सुबोध कुमार ममगाईं, आशुलिपिक नरेन्द्र सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share