उत्तराखण्ड

भालू के हमले में घायल महिला को एयरलिफ्ट कर पहुंचाया एम्स

न्यूरो संबंधी केस को देखते हुए महिला को किया एयर लिफ्ट

विधायक विनोद कंडारी ने हेलीकाप्टर की व्यवस्था कर महिला को पहुंचा एम्स ऋषिकेश

श्रीनगर। देवप्रयाग विस के हिंडोलाखाल क्षेत्र के बिटूला गांव की 56 वर्षीय महिला सुधा देवी पर भालू ने हमला कर दिया। भालू ने महिला के सिर से लेकर गर्दन के पास गंभीर रूप से नोंच लिया। परिजन व कीर्तिनगर प्रशासन किसी तरह से महिला को बेस चिकित्सालय लाए।

जहां बेस अस्पताल के सर्जरी विभाग के डॉक्टर हरि सिंह ने तत्काल महिला का ट्रीटमेंट किया। 50 से अधिक टांके लगाये गये हैं। महिला की हालत स्थिर करने के बाद न्यूरो संबंधी केस को देखते हुए परिजन एम्स ऋषिकेश के लिए ले गये।

विधायक विनोद कंडारी ने महिला को तत्काल इलाज मिले इसके लिए एयर लिफ्ट की व्यवस्था कराई और महिला को एम्स ऋषिकेश में पहुंचकर भर्ती कराया। परिजनों ने बेस चिकित्सालय के डॉक्टरों द्वारा तत्काल इलाज करने तथा विधायक विनोद कंडारी द्वारा एयरलिफ्ट की व्यवस्था करने पर आभार जताया।

बेस अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजेय विक्रम सिंह ने भी इमरजेंसी विभाग में पहुंचकर मरीज को दी जानी वाली जरूरी आवश्यकता को तत्काल पूरा कराया। सर्जरी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. हरि सिंह ने बताया कि महिला के सिर से पूरी खाल उतरी हुई थी। जबकि आंख पर गहरे घाव तथा गले तक नोंचा गया था। जिस पर तत्काल ट्रीटमेंट दिया गया।

महिला पहले से बेहतर होने पर न्यूरो सर्जन की आवश्यकता को देखते हुए परिजन एम्स ऋषिकेश ले गये। एम्बुलेंस से देर होने पर मनमोहन सिंह ने एयरलिफ्ट कराने की बात कहने पर भाजपा जिला मंत्री नरेन्द्र कुंवर ने विधायक विनोद कंडारी से बात कर जल्द एयरलिफ्ट की कार्यवाही हो पायी।

हिंडोलाखाल क्षेत्र की महिला पर भालू के हमले की खबर लगते ही विधायक विनोद कंडारी ने महिला को एम्स ऋषिकेश के लिए हेलीकाप्टर की व्यवस्था कराई और हेलीकाप्टर आने पर महिला को स्वीत जीवीके हेलीपेड से एयरलिफ्ट कराकर एम्स ऋषिकेश ले जाया गया। विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि हेलीकाप्टर की सेवा उपलब्ध कराने के लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी सहित तमाम अधिकारियों का आभार प्रकट किया।

जबकि महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाने पर कीर्तिनगर एसडीएम सहित महिला को तत्काल उपचार देने वाले बेस चिकित्सालय के डॉक्टरों का आभार प्रकट किया। महिला के पति सोहन लाल रतूड़ी ने बताया कि सुबह साढ़े दस बजे के करीब जंगल में बकरियों के साथ गयी थी। इसी दौरान भालू ने हमला किया था।

आस-पास के लोगों द्वारा हल्ला करने पर भालू वहां से भाग गया। उन्होंने श्रीनगर बेस अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा तत्काल उपचार देकर खतरे से उभारने पर आभार प्रकट किया। जबकि विधायक विनोद कंडारी द्वारा हेलीकाप्टर की सुविधा कराने तथा एम्स में मौके पर मौजूद रहकर उपचार की कार्यवाही करने पर आभार प्रकट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share