देश

हादसाः बस से भिड़ा सिलेंडरों से लदा ट्रक, 15 की मौत

झारखंड, 5 जनवरी।
झारखंड के पाकुड़ में बुधवार सुबह 15 लोगों के लिए काल बन कर आई। यहां हुए एक भीषण सड़क हादसे में 15 लोगों ने अपनी जान गंवा दी जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार साहिबगंज से दुमका जा रही बस लिट्टीपाड़ा-अमड़ापाड़ा रोड पर पडेरकोला के पास गैस सिलेंडरों से लदे ट्रक से टकरा गई। बस में 40 से ज्यादा लोगों के सवार होने की जानकारी मिली है। इसमें करीब 20 लोग घायल हैं। पाकुड़ एसपी एचपी जनार्दन ने कहा है कि अब तक 15 शव बरामद किए जा चुके हैं। बस के अंदर से लोगों को निकालने का काम अब तक जारी है।


टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ही गाड़ियों के परऽच्चे उड़ गए। इस भिड़ंत के बाद कई लोग बस के बाहर आकर गिर गए। जबकि लोग कई लोग बस के अंदर ही फंस गए। बस की बॉडी काटकर लोगों को बाहर निकाला जा रहा है। बताया जा रहा है कि बस का ड्राइवर जिंदा फंसा हुआ था जिसको निकालने के प्रयास किए जा रहे थे।
बताया जा रहा है बस और सिलेंडरों से भरे ट्रक में हुई टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। फिलहाल मारे गए लोगों की पहचान नहीं हो सकी है। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही सबसे पहले स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। प्रशासन और पुलिस के पहुंचने से पहले ही वे राहत और बचाव के कार्य में जुट गए। दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों की टीम भी मौके पर पहुंच गई है।
दुर्घटना की जांच करने पहुंचे पुलिस अधिकारियों की मानें तो कोहरे के कारण यह हादसा होना प्रतीत होता है। ट्रक चालक को सामने आती हुई बस नहीं दिखी। उसने सीधे बस में टक्कर मार दी। जिस समय यह हादसा हुआ उस समय में बस में बैठे काफी लोग सो रहे थे। इस कारण किसी को संभलने तक का समय नहीं मिला।
पाकुड़ के उपायुक्त वरूण रंजन ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में मरने वाले लोगों के साथ जिला प्रशासन की गहरी संवेदना है। मरने वाले लोगों के परिवार की हर संभव मदद की जाएगी। इसके अलावा घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने का प्रबंधन किया जा रहा है। दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share