उत्तराखण्ड

विकास कार्यों में बर्दाश्त नहीं होगी लेटलतीफी: खजानदास

विधायक खजानदास ने ली विभिन्न कार्यों की संयुक्त समीक्षा बैठक

विभागीय  अधिकारियों को दिये गुणवत्तायुक्त कार्य करने के निर्देश 

देहरादून। विधायक खजानदास ने राजपुर रोड विधानसभा, देहरादून क्षेत्रान्तर्गत गतिमान विभिन्न विकास कार्यों की संयुक्त समीक्षा बैठक ली।  उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तायुक्त विकास कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश देते हुये कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लेटलतीफी को बख्शा नहीं जायेगा।

विधायक ने साफ शब्दों में अधिकारियों को नसीहत दी कि मुख्यमंत्री धामी की हर विकास कार्यों पर पैनी नजर है। मुख्यमंत्री बार-बार स्मार्ट सिटी एवं विधानसभा क्षेत्र में गतिमान तमाम विकास कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी लेते रहते हैं तथा मुख्यमंत्री निरन्तर उत्तराखंड के स्वरूप को बदलने के लिए कार्य कर रहे हैं।

कहा कि मुख्यमंत्री का संकल्प है कि प्रदेश के 25वें वर्ष में प्रवेश पर प्रदेशवासियों के चेहरे पर एक नई रौनक हो। इसके लिये हम सबको मिलकर कार्य करना है और पहाड़ को चमकाना है।

बैठक में सिंचाई विभाग एवं जल निगम के अधिकारियों ने बताया कि सहारनपुर चौक से भूसा स्टोर तक आऊटफाल नाले का निर्माण प्रारम्भ कर दिया गया है। प्रिंस चौक से सहारनपुर चौक की ओर सीवर लाइन के कार्य को भी अनापत्ति मिल गई है। शीघ्र ही कार्य प्रारम्भ कर दिया जायेगा।

विधायक खजानदास ने स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को पल्टन बाजार के दोनो ओर दर्शन लाल चौक एवं घंटाघर की ओर से फैन्सी (पहाड़ी शैली में) गेट निर्माण एवं घंटाघर का सौन्दर्यीकरण के साथ-साथ सर्वे चौक पर तिरंगा लगाये जाने के निर्देश दिये।

जिस पर स्मार्ट सिटी के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि इन सभी कार्यों के आगणन की कार्यवाही गतिमान है। शीघ्र ही आगणन गठित कर स्मार्ट सिटी की गवर्निंग बॉडी की बैठक में प्रस्ताव रख कर निर्माण कार्यों को प्रारम्भ करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जायेगी। स्मार्ट सिटी की पूर्व बैठक में दून लाइब्रेरी का नाम पूूूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के नाम से किये जाने की कार्यवाही भी चल रही है।

विधायक खजानदास ने कहा कि शीघ्र ही मुख्यमंत्री से समय लेकर स्मार्ट सिटी द्वारा निर्मित दून मार्डन लाइब्रेरी, स्मार्ट रोड़, परेड ग्राउन्ड, घंटाघर में निर्मित नलकूप आदि कार्यो के लोकार्पण के साथ-साथ अनेक विकास कार्यों का शिलान्यास व ग्रीन बिल्डिंग का भूमि पूजन मुख्यमंत्री से करवाया जायेगा।

इस अवसर पर सीजीएम स्मार्ट सिटी जगमोहन सिंह चौहान, अधिशासी अभियन्ता लोनिवि जितेन्दर त्रिपाठी, ईई जल निगम भारती रावत, सिंचाई विभाग राजेश लाम्बा, ईई जल संस्थान आशीष भट्ट, ईई पीआईयू प्रवीन कुश, ईई यूपीसीएल गौरव सकलानी, सीओ ट्रैफिक अनुज आर्य, सहसंयोजक स्थानीय निकाय प्रकोष्ठ भाजपा उत्तराखंड प्रदेश विशाल गुप्ता, मण्डल अध्यक्ष भाजपा करनपुर मण्डल राहुल लारा सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share